BlogLife Style

पूर्वांचल विश्वविद्यालय के नए कुलपति बने प्रो. राकेश कुमार सिंहपीजी कॉलेज के प्राचार्य प्रो. राघवेन्द्र कुमार पाण्डेय ने दी बधाई , शैक्षणिक विकास को नई गति मिलने की जताई उम्मीद …।



गाजीपुर ।

वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय, जौनपुर के नए कुलपति के रूप में प्रो. राकेश कुमार सिंह की नियुक्ति की गई है। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय की कुलाधिपति श्रीमती आनंदीबेन पटेल ने विश्वविद्यालय अधिनियम, 1973 की धारा-12(1) के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए प्रो. राकेश कुमार सिंह को कुलपति नियुक्त किया है।

कुलाधिपति की ओर से जारी आदेश के अनुसार प्रो. राकेश कुमार सिंह वर्तमान में इंदिरा गांधी दिल्ली महिला तकनीकी विश्वविद्यालय, नई दिल्ली में प्रोफेसर के पद पर कार्यरत हैं। उन्हें कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से तीन वर्ष की अवधि के लिए वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय का कुलपति नियुक्त किया गया है। वे विश्वविद्यालय के 21वें कुलपति होंगे। वर्तमान कुलपति प्रो. वंदना सिंह का कार्यकाल 25 अगस्त को पूरा हो रहा है।


प्रो. राकेश कुमार सिंह की नियुक्ति से विश्वविद्यालय के शिक्षकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों में उत्साह है। उनके कार्यभार ग्रहण करने के बाद विश्वविद्यालय की शैक्षणिक एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। उनके अनुभव और नेतृत्व क्षमता से विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालयों के शैक्षणिक विकास को भी गति मिलने की संभावना है ।

प्रो. राकेश कुमार सिंह की नियुक्ति पर पीजी कॉलेज, गाजीपुर के प्राचार्य एवं प्राचार्य परिषद के अध्यक्ष प्रो. (डॉ.) राघवेन्द्र कुमार पाण्डेय ने उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि एक अनुभवी एवं योग्य शिक्षाविद् के कुलपति पद पर नियुक्त होने से पूर्वांचल विश्वविद्यालय के विकास को नई गति मिलेगी। उनके नेतृत्व में विश्वविद्यालय के साथ-साथ गाजीपुर जनपद के लगभग 380 महाविद्यालयों की शैक्षणिक उत्कृष्टता को नई ऊंचाइयों तक ले जाने में महत्वपूर्ण सहयोग मिलेगा

पीजी कॉलेज परिवार की ओर से नए कुलपति के सफल एवं गौरवपूर्ण कार्यकाल की कामना की गई। इस अवसर पर उप प्राचार्य प्रो. वीरेंद्र कुमार सिंह, चीफ प्रॉक्टर प्रो. सुजीत कुमार सिंह, अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. संजय चतुर्वेदी, डॉ. शैलेंद्र सिंह, डॉ. समरेंद्र नारायण मिश्र, डॉ. अरविंद उपाध्याय, डॉ. अविनाश चंद्र राय, डॉ. अरुण कुमार सिंह, विवेक कुमार सिंह, संजय श्रीवास्तव, विजय कुमार सिंह, आशीष सिंह एवं प्रदीप सिंह सहित महाविद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी और छात्र-छात्राओं ने भी प्रो. राकेश कुमार सिंह को बधाई देते हुए उनके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button