शिक्षक दिवस पर रोटरी क्लब ने किया शिक्षकों का सम्मान…।

उत्कृष्ट योगदान के लिए शिक्षकों को अंगवस्त्र व स्मृति चिन्ह भेंटकर किया सम्मानित…।
गाजीपुर।
शिक्षक दिवस के अवसर पर शुक्रवार को रोटरी क्लब गाजीपुर की ओर से रोटरी सभागार में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले शिक्षकों को अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया गया। समारोह का उद्देश्य समाज और राष्ट्र निर्माण में शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित करते हुए उनके प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करना रहा।
रोटरी क्लब की अध्यक्ष रो० विनीता सिंह एवं सचिव रो० सुमन सर्राफ के नेतृत्व में आयोजित समारोह में शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय एवं सराहनीय योगदान के लिए श्री शिवपूजन यादव तथा श्री ओंकार सिंह को सम्मानित किया गया। वहीं रोटरी क्लब के पूर्व अध्यक्ष, वरिष्ठ सदस्य, सेवानिवृत्त बैंक अधिकारी एवं शिक्षक रहे रोटेरियन बरुन कुमार अग्रवाल को भी अंगवस्त्र पहनाकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर क्लब की अध्यक्ष विनीता सिंह ने सभी शिक्षकों, गुरुओं एवं शिक्षाविदों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं देते हुए भारत के पूर्व राष्ट्रपति एवं महान दार्शनिक डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन को श्रद्धापूर्वक नमन किया। उन्होंने कहा कि समर्पित शिक्षकों के बिना सशक्त, जागरूक और नैतिक समाज की कल्पना नहीं की जा सकती। शिक्षक विद्यार्थियों को केवल किताबी ज्ञान ही नहीं देते, बल्कि उन्हें जीवन मूल्यों, अनुशासन और जिम्मेदारी का बोध भी कराते हैं।
उन्होंने कहा कि रोटरी इंटरनेशनल के प्रमुख सेवा-स्तंभों में बुनियादी शिक्षा एवं साक्षरता को विशेष प्राथमिकता प्राप्त है। रोटरी परिवार शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार, ग्रामीण एवं वंचित क्षेत्रों के विद्यालयों तक आधुनिक सुविधाएं पहुंचाने तथा शिक्षकों के सम्मान एवं सहयोग के लिए निरंतर प्रयासरत है।
विनीता सिंह ने विद्यार्थियों और युवाओं से शिक्षकों के योगदान का सम्मान करने तथा उनके द्वारा दिए गए नैतिक मूल्यों को जीवन में आत्मसात करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि डिजिटल युग में सूचनाएं भले ही एक क्लिक पर उपलब्ध हो गई हों, लेकिन सही और गलत के बीच अंतर करने का विवेक और जीवन को सही दिशा देने का कार्य आज भी एक शिक्षक ही बेहतर ढंग से कर सकता है।
कार्यक्रम में रो० संतोष कुमार वर्मा ने राष्ट्र निर्माण में शिक्षकों की भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला। कार्यक्रम का संचालन रो० विनय कुमार सिंह ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन रो० असित सेठ ने प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर रो० विनीता सिंह, रो० सुमन सर्राफ, रो० बरुन कुमार अग्रवाल, रो० असित सेठ, रो० राजेश प्रसाद, रो० अजर सर्राफ, रो० संजर नासिर, रो० विनय कुमार सिंह एवं रो० संतोष कुमार वर्मा सहित रोटरी क्लब के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।


