सैदपुर और सदर विधानसभा क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित गांवों में पहुंचकर एमएलसी ने जाना हाल , हरसंभव मदद का दिया भरोसा…।

बाढ़ पीड़ित परिवारों के बीच पहुंची राहत, एमएलसी विशाल सिंह चंचल ने बांटी सामग्री….।
गाजीपुर।
जनपद में बाढ़ से प्रभावित परिवारों तक राहत पहुंचाने का सिलसिला लगातार जारी है। इसी क्रम में विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) विशाल सिंह चंचल ने रविवार को सैदपुर एवं सदर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न बाढ़ प्रभावित गांवों का दौरा कर पीड़ित परिवारों के बीच राहत सामग्री का वितरण किया। इस दौरान उन्होंने प्रभावित लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी ली तथा हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।
सैदपुर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम गौरी तेतारपुर में शासन की ओर से उपलब्ध कराई गई राहत सामग्री करीब 247 बाढ़ पीड़ित परिवारों को वितरित की गई। वहीं सदर विधानसभा क्षेत्र के करंडा ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत दीनापुर स्थित प्राथमिक विद्यालय में 489 प्रभावित लोगों को राहत सामग्री प्रदान की गई।

बताया गया कि बाढ़ से क्षेत्र में करीब 1500 परिवार प्रभावित हुए हैं, जिन्हें चरणबद्ध तरीके से राहत सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी। रविवार को लखनचंदपुर कला के 145 परिवार, गद्दोगाड़ा के 125 परिवार, सोलनपुर के 84 परिवार तथा तुलसीपुर के 135 परिवारों को राहत सामग्री वितरित की गई।

इस अवसर पर एमएलसी विशाल सिंह चंचल ने बाढ़ प्रभावित परिवारों से संवाद करते हुए उनकी परेशानियों को सुना। उन्होंने कहा कि संकट की इस घड़ी में सरकार बाढ़ प्रभावित परिवारों के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है। राहत एवं बचाव कार्य लगातार जारी हैं और प्रभावित लोगों को आवश्यकतानुसार हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
राहत वितरण के दौरान उपजिलाधिकारी सैदपुर एवं सदर ज्योति चौरसिया, विनोद जोशी, वरिष्ठ नेता रामतेज पांडेय, अरुण सिंह, तहसीलदार सैदपुर एवं सदर सहित सोलनपुर की प्रधान मीरा देवी, तुलसीपुर के प्रधान जितेंद्र नाथ बिंद, दीनापुर के प्रधान तुलसी बिंद तथा लखनचंदपुर के प्रधान अशोक कारूष समेत अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।



