Blog

बाढ़ प्रभावित परिषदीय स्कूलों में शिक्षण कार्य स्थगित….।

सुरक्षित विद्यालयों में ही होगी सिर्फ पढ़ाई , व्यवस्था न होने पर ऑनलाइन कक्षाओं का विकल्प….।

गाजीपुर ।

जिले में बाढ़ की स्थिति को देखते हुए छात्र-छात्राओं की सुरक्षा के मद्देनजर बाढ़ प्रभावित परिषदीय विद्यालयों में कक्षा एक से आठ तक का शिक्षण कार्य अग्रिम आदेश तक स्थगित कर दिया गया है। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला के निर्देश पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी उपासना रानी वर्मा ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं।

बीएसए के निर्देश के अनुसार जिन परिषदीय विद्यालयों में बाढ़ का पानी भर गया है अथवा विद्यालय परिसर और भवन में बच्चों का पहुंचना सुरक्षित नहीं है, वहां फिलहाल शिक्षण कार्य नहीं कराया जाएगा। ऐसे विद्यालयों के विद्यार्थियों को यदि आसपास के किसी सुरक्षित परिषदीय विद्यालय में स्थानांतरित करना संभव है तो वहां उनकी पढ़ाई सुचारु रूप से संचालित कराई जाएगी। सुरक्षित विद्यालय उपलब्ध नहीं होने की स्थिति में विद्यार्थियों के लिए ऑनलाइन कक्षाओं की व्यवस्था की जाएगी।

बीएसए ने स्पष्ट किया है कि बाढ़ प्रभावित विद्यालयों के शिक्षक, शिक्षामित्र एवं अन्य शैक्षणिक कार्मिक कार्य से मुक्त नहीं रहेंगे। उन्हें निकटवर्ती सुरक्षित विद्यालयों में नियमित रूप से उपस्थित होकर शिक्षण कार्य में सहयोग करना होगा। जिन विद्यालयों में विद्यार्थियों को स्थानांतरित किया जाएगा, वहां पेयजल, शौचालय, बैठने की व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की जाएंगी

यह व्यवस्था बाढ़ की स्थिति सामान्य होने तथा अग्रिम आदेश जारी होने तक प्रभावी रहेगी। बीएसए ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देशित किया है कि विद्यार्थियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करें ।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button