Blog

स्वास्थ्य शिविर में जरूरतमंदों को मिलेगी समुचित चिकित्सा सुविधा : अभिनव सिन्हा

गाजीपुर।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा संकल्प अभियान के तहत आगामी 26, 27 एवं 28 सितंबर को लंका मैदान में आयोजित होने वाले निःशुल्क वृहद स्वास्थ्य सेवा शिविर और 27 सितंबर से 1 अक्टूबर तक प्रस्तावित निःशुल्क सर्जिकल शिविर की तैयारियों की समीक्षा गुरुवार को नगर के गुरु कृपा मैरिज हॉल में भाजपा नेता अभिनव सिन्हा ने की।

इस बैठक के दौरान उन्होंने शिविर की व्यवस्थाओं में लगे कार्यकर्ताओं एवं स्वयंसेवकों से तैयारियों की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अभिनव सिन्हा ने कहा कि शिविर का उद्देश्य जरूरतमंद लोगों तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना है। शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों का परामर्श, स्वास्थ्य परीक्षण, आवश्यक दवाएं, उपचार और जरूरत के अनुसार सर्जरी की सुविधा उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि शिविर में आने वाले मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए विशेष व्यवस्था की जा रही है। बड़ी संख्या में युवा स्वयंसेवक सेवा भाव के साथ जिम्मेदारियां संभालेंगे। वे मरीजों को पंजीकरण से लेकर चिकित्सकीय परामर्श, जांच और उपचार तक आवश्यक सहयोग प्रदान करेंगे।

वहीं कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अभिनव सिन्हा ने कहा कि मानव सेवा से बढ़कर कोई सेवा नहीं है। जरूरतमंद व्यक्ति को स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने में सहयोग करना समाज के प्रति महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से अनुशासन, समर्पण और सेवाभाव के साथ शिविर को सफल बनाने का आह्वान किया।

इस बैठक में भाजपा जिला महामंत्री अवधेश राजभर, सुमित तिवारी, जिला उपाध्यक्ष प्रवीण सिंह, अच्छेलाल गुप्ता, जिला मीडिया प्रभारी शशिकान्त शर्मा, राकेश राय, अविनाश सिंह, अभिनव सिंह, गर्वजीत सिंह, हर्षित सिंह, रामेश्वर तिवारी, शनि चौरसिया, प्रमोद राय, शशांक राय, हिमांशु यादव, नीरज, अमन सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button