Blog

एयर शो से पहले अंधऊ एयर स्ट्रिप की बढ़ी तैयारियां, तैनात होंगे छह MI-17 हेलीकॉप्टर…।

 

गाजीपुर ।

वाराणसी में अक्टूबर के अंतिम सप्ताह में प्रस्तावित एयर शो को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इसका असर गाजीपुर में भी दिखाई देने लगा है। एयर शो के मद्देनजर भारतीय वायुसेना के छह MI-17 हेलीकॉप्टरों को अंधऊ एयर स्ट्रिप पर तैनात किए जाने की तैयारी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित उद्घाटन कार्यक्रम को देखते हुए जिला प्रशासन ने एयर स्ट्रिप को दुरुस्त करने की कवायद शुरू कर दी है।

इसी क्रम में गुरुवार को दोपहर करीब दो बजे जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने अंधऊ एयर स्ट्रिप और गेस्ट हाउस का निरीक्षण किया। डीएम ने बताया कि 29 सितंबर को वायुसेना की टीम अंधऊ पहुंचेगी, जहां टीम एयर स्ट्रिप का निरीक्षण कर आवश्यक तैयारियों का जायजा लेगी।

करीब दो किलोमीटर लंबी एयर स्ट्रिप की साफ-सफाई के साथ आवश्यक मरम्मत कराई जाएगी। वहीं गेस्ट हाउस को भी कार्यक्रम के अनुरूप तैयार किया जाएगा। एयर स्ट्रिप की सुरक्षा और संचालन व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए बाउंड्री वॉल का निर्माण कराया जाएगा। इसके आसपास मौजूद अतिक्रमण और संचालन में बाधा बनने वाली अन्य रुकावटों को भी हटाया जाएगा।

छह MI-17 हेलीकॉप्टरों की प्रस्तावित तैनाती को देखते हुए रनवे समेत अन्य जरूरी सुविधाओं को दुरुस्त करने की तैयारी है। प्रशासन की ओर से एयर स्ट्रिप को निर्धारित मानकों के अनुरूप तैयार करने पर जोर दिया जा रहा है।

1941-42 में बनी थी एयर स्ट्रिप

अंधऊ एयर स्ट्रिप का निर्माण वर्ष 1941-42 में हुआ था। अब एयर शो की तैयारियों के बहाने इसके नवीनीकरण की दिशा में भी कदम बढ़ाए जा रहे हैं। जिलाधिकारी के मुताबिक, एयर स्ट्रिप के नवीनीकरण का प्रस्ताव स्वीकृत हो चुका है। करीब 200 से 300 एकड़ में फैली एयर स्ट्रिप के अलावा जिले में लगभग 500 एकड़ डिफेंस लैंड भी मौजूद है।

फ्लाइंग अकादमी बनाने का भी प्रस्ताव

प्रशासन की योजना एयर शो के बाद भी अंधऊ एयर स्ट्रिप के उपयोग को बढ़ाने की है। सिविल एविएशन विभाग की ओर से यहां भविष्य में इंटरनेशनल फ्लाइंग अकादमी स्थापित करने का प्रस्ताव भी दिया गया है। ऐसे में एयर शो की तैयारियों के साथ अंधऊ एयर स्ट्रिप को भविष्य की विमानन गतिविधियों के लिए विकसित करने की दिशा में भी काम शुरू हो गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button