Blog

गाजीपुर में हथियारों की बड़ी खेप बरामद, 38 अवैध असलहों के साथ तीन अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार….।

मध्य प्रदेश के खंडवा और बुरहानपुर से जुड़े हथियार सप्लाई के तार, बिहार ले जाए जा रहे थे असलहे; चुनाव में इस्तेमाल की आशंका....।

 

गाजीपुर ।

गाजीपुर में अवैध हथियारों की तस्करी के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। स्वाट टीम और कोतवाली पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में कैथवलिया पुलिया के पास घेराबंदी कर तीन अंतरराज्यीय हथियार तस्करों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उनके कब्जे से 38 अवैध हथियार, 18 जिंदा कारतूस, तीन मोबाइल फोन, 900 रुपये नकद और एक टीवीएस अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस के अनुसार, हथियारों की यह खेप बिहार में सप्लाई के लिए ले जाई जा रही थी। हथियारों के तार मध्य प्रदेश के खंडवा और बुरहानपुर से जुड़ रहे हैं।

मामले का खुलासा पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने पुलिस लाइन में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान किया। उन्होंने बताया कि बीती रात करीब पौने दो बजे मुखबिर से सूचना मिली कि कैथवलिया पुलिया के पास अवैध हथियारों की डिलीवरी होने वाली है। सूचना मिलते ही स्वाट टीम और कोतवाली पुलिस ने तत्काल इलाके की घेराबंदी कर निगरानी शुरू कर दी।

इसी दौरान एक मोटरसाइकिल के पास तीन संदिग्ध दिखाई दिए। पुलिस टीम को देखते ही तीनों भागने की कोशिश करने लगे, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से 18 पिस्टल .32 बोर, एक पिस्टल .9 एमएम और 19 देशी तमंचे .315 बोर समेत कुल 38 अवैध हथियार बरामद हुए।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रतन विश्वकर्मा और रवि कुमार, निवासी भदौरा थाना गहमर, तथा अभिषेक कुमार, निवासी फुल्ली थाना दिलदारनगर के रूप में हुई है। पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने मध्य प्रदेश के खंडवा और बुरहानपुर से अवैध हथियार लाकर उनकी सप्लाई करने की बात स्वीकार की है।

पुलिस अधीक्षक के मुताबिक, बिहार ले जाए जा रहे हथियारों का आगामी विधानसभा चुनाव में इस्तेमाल किए जाने की आशंका है। हालांकि, इस संबंध में अभी जांच जारी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हथियारों की खेप कहां से तैयार होकर आ रही थी, बिहार में किन लोगों तक पहुंचाई जानी थी और इस अवैध कारोबार में कौन-कौन लोग शामिल हैं।

फिलहाल तीनों आरोपियों के खिलाफ आयुध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस हथियारों के स्रोत और पूरे सप्लाई नेटवर्क की पड़ताल के साथ ही मामले में सामने आए दो अन्य वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button