Blog

गहमर स्टेशन पर 6 अक्टूबर से रुकेगी 12141/42 एक्सप्रेस, रेलमंत्री ने दी स्वीकृति…।

जदयू प्रदेश प्रवक्ता विनीत कुमार तिवारी ने प्रेसवार्ता में दी जानकारी, सांसद कौशलेन्द्र कुमार के प्रयासों के प्रति जताया आभार….।

 

गाजीपुर ।

गहमर रेलवे स्टेशन पर अब पाटलिपुत्र से मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस जाने वाली ट्रेन संख्या 12141/42 का ठहराव होगा। जदयू के प्रदेश प्रवक्ता विनीत कुमार तिवारी ने शुक्रवार को प्रेसवार्ता में यह जानकारी देते हुए बताया कि रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव ने उनकी इस मांग को स्वीकृति प्रदान कर दी है। आगामी 6 अक्टूबर से गहमर स्टेशन पर इस ट्रेन का ठहराव सुनिश्चित किया गया है। ट्रेन को हरी झंडी दिखाने के लिए नालंदा के सांसद कौशलेन्द्र कुमार के आगमन का कार्यक्रम भी प्रस्तावित है।

विनीत कुमार तिवारी ने बताया कि उन्होंने रेलमंत्री के समक्ष तीन प्रमुख मांगें रखी थीं। इन मांगों पर नालंदा के सांसद कौशलेन्द्र कुमार ने गंभीरता से संज्ञान लिया और अपने कवरिंग लेटर के साथ रेलमंत्री से व्यक्तिगत मुलाकात कर उनकी मांगों को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव और सांसद कौशलेन्द्र कुमार के प्रति गाजीपुर की जनता की ओर से आभार व्यक्त किया।

उन्होंने कहा कि उनकी मांगों के क्रम में पहले दिलदारनगर जंक्शन पर जियारत एक्सप्रेस का ठहराव सुनिश्चित हुआ। इसके बाद सुहेलदेव एक्सप्रेस का मार्ग परिवर्तित कर यात्रियों को राहत मिली। अब तीसरी मांग के रूप में ट्रेन संख्या 12141/42 का गहमर स्टेशन पर ठहराव स्वीकृत हुआ है।

जदयू प्रदेश प्रवक्ता ने कहा कि गहमर स्टेशन पर इस ट्रेन का ठहराव एशिया के सबसे बड़े गांव और सैनिकों की धरती के साथ ही आसपास के सैकड़ों गांवों के लोगों के लिए महत्वपूर्ण साबित होगा। इससे क्षेत्र के यात्रियों को लंबी दूरी की यात्रा में सुविधा मिलेगी। उन्होंने इस उपलब्धि को मां कामाख्या के चरणों में समर्पित किया।

विंध्य एक्सप्रेसवे से प्रभावित किसानों की मांगों का उठाएंगे मुद्दा

प्रेसवार्ता के दौरान विनीत कुमार तिवारी ने विंध्य एक्सप्रेसवे परियोजना के संदर्भ में जमानियां विधानसभा क्षेत्र के किसानों की मांगों का भी समर्थन किया। उन्होंने कहा कि जनता दल यूनाइटेड किसानों के साथ खड़ा है और उनकी समस्याओं को लेकर गंभीर है। आगामी 25 अक्टूबर को वाराणसी में आयोजित होने वाले प्रदेश स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन में जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद संजय झा, बिहार सरकार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार तथा उत्तर प्रदेश के प्रभारी एवं बिहार सरकार के कैबिनेट मंत्री श्रवण कुमार के समक्ष किसानों की आवाज मजबूती से उठाई जाएगी।

उन्होंने किसानों को आश्वस्त करते हुए कहा कि उनकी मांगों और अधिकारों के लिए पार्टी पूरी मजबूती से संघर्ष करेगी तथा उनके साथ किसी भी प्रकार का अन्याय नहीं होने दिया जाएगा।

प्रेसवार्ता में प्रदेश सचिव नौशाद खान, जिला महासचिव सुनील सिंह, राजकुमार श्रीवास्तव, मनीष पटवा, दीपक पटवा और जब्बार राइनी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे ।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button