मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार तत्काल दें इस्तीफा , ज्ञानेश ने नही दिया इस्तीफा तो सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेगी सपा…।
मतदाता सूची से नाम काटने की साजिश का आरोप , लोहिया भवन में पत्रकार वार्ता कर सपा नेताओं ने जताया घोर विरोध...।

गाजीपुर।
मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) और अन्य चुनावी प्रक्रियाओं के जरिए मतदाताओं के नाम काटने की कथित साजिश के विरोध में समाजवादी पार्टी ने मोर्चा खोल दिया है। शुक्रवार को पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व के आह्वान पर लोहिया भवन स्थित जिला कार्यालय में पत्रकार वार्ता आयोजित की गई। इसमें सपा नेताओं ने केंद्र सरकार और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर निशाना साधते हुए उनके इस्तीफे की मांग की।
पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए सपा जिलाध्यक्ष गोपाल यादव और पार्टी के राष्ट्रीय सचिव चिंतामणि ने संयुक्त रूप से आरोप लगाया कि केंद्र की मोदी सरकार और चुनाव आयोग संविधान प्रदत्त मतदान के अधिकार को कमजोर करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर द्वारा संविधान के माध्यम से नागरिकों को दिए गए मताधिकार से लोगों को वंचित करने की कोशिश लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए चिंता का विषय है।
सपा नेताओं ने आरोप लगाया कि एसआईआर और एसएआर जैसी प्रक्रियाओं के माध्यम से मतदाता सूची से नाम हटाने की साजिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी इस कथित साजिश का हर स्तर पर विरोध करेगी और जरूरत पड़ने पर संघर्ष तथा आंदोलन का रास्ता अपनाएगी।
नेताओं ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि जनता के बीच सरकार के प्रति नाराजगी बढ़ रही है। उनका आरोप था कि भाजपा अपनी राजनीतिक स्थिति को लेकर आशंकित है और सत्ता में बने रहने के लिए छल-कपट का सहारा ले रही है। उन्होंने युवाओं के मुद्दे पर भी सरकार को घेरते हुए कहा कि रोजगार और सम्मान से जुड़े सवालों पर नौजवानों में असंतोष है। नेताओं ने युवाओं को लेकर भाजपा नेताओं के पकौड़ा बेचने और ई-रिक्शा चलाने संबंधी बयानों का भी उल्लेख किया ।














