Blog

यूपी बोर्ड परीक्षा केंद्र निर्धारण की समय-सारिणी में संशोधन…।

 

गाजीपुर ।

माध्यमिक शिक्षा परिषद, उत्तर प्रदेश द्वारा वर्ष 2027 की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षाओं के लिए परीक्षा केंद्रों के निर्धारण की समय-सारिणी में आंशिक संशोधन किया गया है। शासनादेश दिनांक 25 सितंबर 2026 के क्रम में संशोधित कार्यक्रम जारी किया गया है। इसकी जानकारी जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय, गाजीपुर की ओर से दी गई है।

संशोधित कार्यक्रम के अनुसार विद्यालयों के भौतिक सत्यापन के बाद जिलाधिकारी द्वारा गठित तहसील स्तरीय समिति की संस्तुति सहित आख्या को जिला विद्यालय निरीक्षक के माध्यम से परिषद की वेबसाइट upmsp.edu.in पर अपलोड/अपडेट करने की अंतिम तिथि अब 12 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है। पहले यह तिथि 12 सितंबर थी।

ऑनलाइन चयनित परीक्षा केंद्रों की सूची, छात्र आवंटन सहित, जिलाधिकारी की अध्यक्षता में गठित जनपदीय केंद्र निर्धारण समिति के अवलोकन एवं परीक्षण के लिए परिषद की वेबसाइट पर 22 अक्टूबर तक अपलोड की जाएगी। डिबार, मान्यता प्रत्याहरण की कार्रवाई वाले तथा अनर्ह विद्यालयों की सूची 23 अक्टूबर को प्रदर्शित की जाएगी।

इसी क्रम में चयनित परीक्षा केंद्रों की सूची समाचार पत्रों के माध्यम से प्रकाशित कर छात्र, अभिभावक, प्रधानाचार्य एवं प्रबंधकों से आपत्तियां/शिकायतें ऑनलाइन प्राप्त करने की अंतिम तिथि 28 अक्टूबर निर्धारित की गई है। प्राप्त आपत्तियों का परीक्षण एवं निस्तारण कर औचित्यपूर्ण आपत्तियों को जनपदीय केंद्र निर्धारण समिति की अनुमोदित आख्या सहित परिषद की वेबसाइट पर ऑनलाइन अग्रसारित करने की अंतिम तिथि 6 नवंबर है।

जनपदीय केंद्र निर्धारण समिति से अनुमोदित, विद्यालय-छात्र आवंटन रहित परीक्षा केंद्रों की सूची 16 नवंबर को परिषद की वेबसाइट पर अपलोड की जाएगी। इसके बाद मानक से अधिक दूरी अथवा केंद्र की निर्धारित धारण क्षमता से अधिक छात्र आवंटन को लेकर पुनः आपत्ति दर्ज कराने की अंतिम तिथि 21 नवंबर होगी।

अंततः प्राप्त आपत्तियों के परीक्षण एवं निराकरण के बाद विद्यालय-छात्र आवंटन सहित परीक्षा केंद्रों की अंतिम सूची 27 नवंबर 2026 को परिषद की वेबसाइट पर अपलोड की जाएगी।

जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय ने संबंधित विद्यालयों, प्रधानाचार्यों, प्रबंधकों, छात्रों एवं अभिभावकों से संशोधित समय-सारिणी के अनुसार निर्धारित तिथियों में आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button