Blog

दौड़ने निकले 28 वर्षीय युवक को अज्ञात वाहन ने रौंदा, मौत…।

टोल प्लाजा के पास आक्रोशित ग्रामीणों ने हाईवे किया जाम, पुलिस के आश्वासन पर शांत हुआ मामला...।

 

बिरनो/गाजीपुर ।

बिरनो थाना क्षेत्र के गन्नापुर के पास शुक्रवार की सुबह दौड़ने निकले 28 वर्षीय युवक की सड़क हादसे में मौत हो गई। तेज रफ्तार अज्ञात चार पहिया वाहन की टक्कर से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोग उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिरनो ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने गोरखपुर-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर टोल प्लाजा के पास जाम लगाकर विरोध जताया।

जानकारी के अनुसार, बिरनो थाना क्षेत्र के डाड़ी खुर्द निवासी सूर्यनाथ राम का छोटा पुत्र ललित कुमार (28) प्रतिदिन की तरह शुक्रवार की सुबह दौड़ने के लिए घर से निकला था। वह फ्लाईओवर मिश्रौली के पास पहुंचा ही था कि पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे अज्ञात चार पहिया वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ललित सड़क से नीचे जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया।

हादसे के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने घायल युवक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिरनो पहुंचाया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।

हाईवे पर जाम लगाकर जताया आक्रोश

हादसे से नाराज ग्रामीणों ने टोल प्लाजा के पास गोरखपुर-वाराणसी हाईवे पर जाम लगा दिया। ग्रामीणों की मांग थी कि दुर्घटना करने वाले अज्ञात वाहन और उसके चालक की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई और वाहन चालक की तलाश का भरोसा दिया, जिसके बाद ग्रामीणों ने जाम समाप्त कर दिया।

मऊ न्यायालय में संविदा पर कार्य करता था ललित

परिजनों के अनुसार, ललित दो भाइयों में छोटा था और मऊ न्यायालय में संविदा पर कार्यरत था। उसका बड़ा भाई सौरभ प्राथमिक विद्यालय में शिक्षक है, जबकि पिता सूर्यनाथ राम घर पर रहते हैं। ललित की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

बिरनो थानाध्यक्ष पन्नेलाल यादव ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश में जुटी है।

मृतक के पिता सूर्यनाथ राम ने बताया कि उनका बेटा रोज की तरह सुबह दौड़ने के लिए घर से निकला था। उन्हें जरा भी अंदाजा नहीं था कि यह उसकी आखिरी सुबह साबित होगी। हादसे के बाद डाड़ी खुर्द गांव सहित आसपास के इलाके में शोक की लहर है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button