Blog

श्रमिकों के हक में भारतीय मजदूर संघ ने भरी हुंकार, जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन…।


गाजीपुर ।

भारतीय मजदूर संघ के केंद्रीय नेतृत्व के आह्वान पर सोमवार को देशभर के जिला मुख्यालयों पर श्रमिकों एवं विभिन्न विभागों से जुड़ी मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपने का कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसी क्रम में भारतीय मजदूर संघ की गाजीपुर जिला इकाई ने प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी के माध्यम से सौंपा ।

ज्ञापन में संगठित एवं असंगठित क्षेत्र में कार्यरत कर्मचारियों के शोषण पर प्रभावी रोक लगाने की मांग प्रमुखता से उठाई गई। इसके साथ ही मान्यता प्राप्त एवं गैर-मान्यता प्राप्त पत्रकारों को आयुष्मान कार्ड की सुविधा उपलब्ध कराने तथा 60 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके पत्रकारों के लिए पेंशन व्यवस्था लागू करने की मांग की गई।

संघ ने प्रदेश की चीनी मिलों एवं डिस्टिलरी में कार्यरत कर्मचारियों के वेतन पुनरीक्षण संबंधी अधिसूचना शीघ्र जारी करने, आशा एवं आशा संगिनियों के मानदेय में वृद्धि करने तथा श्रम विभाग से संबंधित विभिन्न कमेटियों एवं बोर्डों का गठन किए जाने की मांग भी रखी। इसके अलावा लंबे समय से लंबित शासनादेशों को शीघ्र जारी करने की मांग ज्ञापन के माध्यम से की गई।

भारतीय मजदूर संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि श्रमिकों, कर्मचारियों और विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत कर्मियों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान होना आवश्यक है। उन्होंने सरकार से श्रमिक हितों से जुड़ी मांगों पर गंभीरता से विचार कर शीघ्र कार्रवाई किए जाने की अपेक्षा जताई ।

ज्ञापन सौंपने के दौरान जिला इकाई के अध्यक्ष बाल्मीकि शर्मा, जिलामंत्री दीपक राय, संरक्षक यूपी राय, कार्यवाहक अध्यक्ष मईम खान सहित विजयकृष्ण, रानु अग्रवाल, विपुल रावत, प्रमिला, रिजवाना, अवधेश, छाया राय, मनमतिया, नंदलाल यादव समेत जिला कार्यकारिणी के सभी पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button