Blog

स्वास्थ्य सेवाओं को मिली नई सौगात, अमृत फार्मेसी और सीटी स्कैन का लोकार्पण…।

गाजीपुर ।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्ष के सेवा काल पूर्ण होने के अवसर पर सेवा संकल्प अभियान के तहत शनिवार को लंका मैदान में तीन दिवसीय वृहद स्वास्थ्य सेवा शिविर का शुभारंभ हुआ। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक ने फीता काटकर एवं दीप प्रज्ज्वलित कर शिविर का उद्घाटन किया। शिविर में विभिन्न रोगों के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने आमजन को निःशुल्क परामर्श और चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराईं। शिविर 26 से 28 सितंबर तक चलेगा।

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 25 वर्षों तक राष्ट्र सेवा के लिए स्वयं को समर्पित किया है। उनके सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के संकल्प को स्वास्थ्य सेवाओं के माध्यम से जन-जन तक पहुंचाया जा रहा है। प्रदेश सरकार प्रत्येक व्यक्ति को सस्ती और सुलभ चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि गाजीपुर में अमृत फार्मेसी और सीटी स्कैन की सुविधा शुरू होने से लोगों को जांच और दवाओं के लिए वाराणसी अथवा लखनऊ जाने की जरूरत कम होगी।

इसके बाद उप मुख्यमंत्री महर्षि विश्वामित्र स्वशासी राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल पहुंचे। यहां उन्होंने नवनिर्मित अमृत फार्मेसी, अत्याधुनिक सीटी स्कैन मशीन तथा चार नए मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर का फीता काटकर लोकार्पण किया। इन सुविधाओं से मेडिकल कॉलेज में उपचार कराने वाले गरीब और जरूरतमंद मरीजों को सस्ती दर पर दवाएं तथा कम खर्च में जांच की सुविधा उपलब्ध होगी।

लोकार्पण के बाद उप मुख्यमंत्री ने अमृत फार्मेसी का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध दवाओं और व्यवस्थाओं की जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने चारों मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटरों का निरीक्षण किया और वहां उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने मेडिकल कॉलेज के प्रथम बैच के एमबीबीएस उत्तीर्ण छात्र-छात्राओं से भी मुलाकात की।

मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. आनंद मिश्रा ने संस्थान के विकास और चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार से संबंधित पांच प्रस्ताव उप मुख्यमंत्री के समक्ष प्रस्तुत किए। इनमें संबद्ध चिकित्सालय में विभिन्न चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार, 200 एवं 300 शैय्या वाले अस्पतालों को जोड़ने के लिए सीसी रोड एवं संपर्क मार्ग निर्माण, मुख्य परिसर में एकेडमिक ब्लॉक, एडमिनिस्ट्रेशन ब्लॉक एवं लेक्चर थिएटर को कवर्ड कॉरिडोर से जोड़ने, प्रशासनिक भवन में अतिरिक्त कक्षों के निर्माण तथा लेवल-3 ट्रामा सेंटर को लेवल-2 ट्रामा सेंटर के रूप में संचालित करने से संबंधित कार्य शामिल रहे। उप मुख्यमंत्री ने प्रस्तावों को शासन स्तर से स्वीकृति के लिए भेजने के निर्देश दिए।

मीडिया से बातचीत में ब्रजेश पाठक ने कहा कि गाजीपुर मेडिकल कॉलेज नए मेडिकल कॉलेजों में अच्छा कार्य कर रहा है और भविष्य में भी इसी तरह चिकित्सा सेवाओं के विस्तार की दिशा में निरंतर कार्य करता रहे।

इस कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद डॉ. संगीता बलवंत, जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह, नगर पंचायत अध्यक्ष सरिता अग्रवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष ओम प्रकाश राय, समाजसेवी अभिनव सिन्हा, महिला मोर्चा अध्यक्ष सरोज कुशवाहा सहित जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button