पीडीए रथयात्रा को लेकर अखिलेश पर बरसे डिप्टी सीएम…।
डिप्टी सीएम बोले- अपने काम के नाम पर वोट मांगें, जाति-धर्म और तुष्टिकरण के नाम पर क्यों ?

गाजीपुर ।
उप मुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री बृजेश पाठक ने शनिवार को गाजीपुर में समाजवादी पार्टी की पीडीए रथयात्रा को लेकर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सपा के लोग उत्तर प्रदेश की जनता को गुमराह करने का असफल प्रयास कर रहे हैं। अखिलेश यादव को अपने कार्यों के नाम पर जनता से वोट मांगना चाहिए, लेकिन वे जाति, धर्म और तुष्टिकरण के नाम पर वोट मांगने की कोशिश कर रहे हैं।
डिप्टी सीएम ने कहा कि यदि अखिलेश यादव अपने कर्मों के नाम पर वोट मांगेंगे तो उनकी जमानत जब्त हो जाएगी। उन्होंने सपा और कांग्रेस पर परिवारवाद को आगे बढ़ाने का आरोप लगाते हुए कहा कि दोनों दलों ने लंबे समय तक परिवारवाद की राजनीति को बढ़ावा दिया है।
स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर बृजेश पाठक ने कहा कि सरकार चिकित्सा सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में लगातार काम कर रही है। उन्होंने बताया कि डॉक्टरों से मरीजों के पर्चे पर क्षेत्रीय भाषा का प्रयोग करने का आग्रह किया गया है, ताकि मरीज दवाओं और चिकित्सकीय सलाह को आसानी से समझ सकें।
स्वास्थ्य शिविर का किया शुभारंभ
डिप्टी सीएम बृजेश पाठक शनिवार को गाजीपुर के लंका मैदान में सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित तीन दिवसीय निःशुल्क वृहद स्वास्थ्य शिविर का शुभारंभ करने पहुंचे थे। शिविर 26 से 28 सितंबर तक आयोजित किया जा रहा है। इसमें विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं उपलब्ध कराने की तैयारी की गई है।
इसके बाद उन्होंने महर्षि विश्वामित्र स्वशासी राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय में नवनिर्मित अमृत फार्मेसी और सीटी स्कैन मशीन का लोकार्पण किया। डिप्टी सीएम के दौरे के दौरान स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने और मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया।














