नोनहरा पुलिस की मुठभेड़ में शातिर गो-तस्कर घायल, दो गिरफ्तार…।
पंजाब से बिहार ले जाए जा रहे 10 गोवंश बरामद, DCM और अवैध तमंचा भी मिला...।

गाजीपुर ।
अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नोनहरा पुलिस को सोमवार देर रात बड़ी सफलता मिली। पुलिस के अनुसार, अटवा मोड़ पक्का पुल मंदिर के पास संदिग्ध DCM को रोकने के दौरान वाहन सवार बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसके साथी को पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, थानाध्यक्ष नोनहरा विवेक कुमार तिवारी पुलिस टीम के साथ रात्रि गश्त पर थे। इसी दौरान चौकी प्रभारी अटवा मोड़ से सूचना मिली कि एक संदिग्ध DCM गाजीपुर घाट की तरफ से मुहम्मदाबाद होते हुए बिहार की ओर जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने अटवा मोड़ पक्का पुल मंदिर के पास घेराबंदी कर वाहन को रोकने का प्रयास किया।
पुलिस का आरोप है कि खुद को घिरता देख वाहन सवार बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें परमजीत सिंह के बाएं पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी को उपचार के लिए सदर अस्पताल गाजीपुर भेजा गया। वहीं उसके साथी गुरपंत सिंह को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने दोनों की पहचान परमजीत सिंह पुत्र जसवीर सिंह, निवासी ग्राम प्रतापगढ़, थाना कुमकला, जिला लुधियाना, पंजाब (26 वर्ष) तथा गुरपंत सिंह पुत्र सिपेंडर सिंह, निवासी ग्राम लातोनदाना, थाना कुमकला, जिला लुधियाना, पंजाब (25 वर्ष) के रूप में की है।
तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक अवैध .315 बोर तमंचा, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस, पंजाब नंबर की DCM और 10 गोवंश बरामद किए। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे पंजाब से गोवंश लादकर बिहार ले जा रहे थे।
पुलिस ने मुठभेड़, अवैध असलहे की बरामदगी और गोवंश तस्करी के संबंध में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।














