नुक्कड़ नाटक में मारपीट और धमकी के मामले में दो गिरफ्तार…।
खानपुर पुलिस ने शांति व्यवस्था भंग होने की आशंका पर की निवारक कार्रवाई...।

गाजीपुर ।
खानपुर थाना क्षेत्र में नुक्कड़ नाटक कार्यक्रम के दौरान मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को निवारक कार्रवाई के तहत गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी थाने परिसर में मुकदमे को लेकर दूसरे पक्ष से विवाद करने लगे थे और समझाने के बावजूद शांत नहीं हुए।
पुलिस के मुताबिक, 26 सितंबर को संदीप यादव पुत्र लालजी यादव, निवासी मड़ई हथौड़ा, थाना खानपुर ने प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया था कि नुक्कड़ नाट्य कार्यक्रम की रिकॉर्डिंग के दौरान उनके साथ मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी दी गई। शिकायत के आधार पर खानपुर थाने में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
27 सितंबर को उपनिरीक्षक सुधीर कुमार राय पुलिस टीम के साथ मुकदमे की विवेचना के सिलसिले में थाने पर मौजूद थे। इसी दौरान शिकायतकर्ता संदीप यादव थाने पहुंचे। कुछ देर बाद दूसरे पक्ष के पवन यादव और रजनीश उर्फ गोलू यादव भी थाने पहुंच गए। मुकदमा दर्ज होने की बात को लेकर दोनों पक्षों में विवाद शुरू हो गया।
पुलिस के अनुसार, दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया गया। संदीप यादव शांत हो गए, लेकिन पवन यादव और रजनीश उर्फ गोलू यादव कथित तौर पर उग्र बने रहे। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने दोनों को धारा 170/126/135 बीएनएसएस के तहत हिरासत में लेकर अग्रिम विधिक कार्रवाई की।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पवन यादव (28 वर्ष) पुत्र हरिदास यादव तथा रजनीश उर्फ गोलू यादव (22 वर्ष) पुत्र हरिलाल यादव, दोनों निवासी ग्राम गोपालपुर, थाना खानपुर, गाजीपुर के रूप में हुई है। दोनों की गिरफ्तारी 27 सितंबर को थाना परिसर से की गई।
पुलिस के अनुसार, पवन यादव के खिलाफ खानपुर थाने में पूर्व में भी तीन मुकदमे दर्ज हैं, जबकि रजनीश उर्फ गोलू यादव के खिलाफ एक मुकदमा दर्ज है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक सुधीर कुमार राय और थाना खानपुर की पुलिस टीम शामिल रही।














