
गाजीपुर ।
राष्ट्रीय पोषण माह एवं सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय में सोमवार को ‘NutriFitFiesta–पोषण-खेल मेला’ का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को पोषण, स्वास्थ्य, फिटनेस और संतुलित जीवनशैली के प्रति जागरूक करना रहा। मेले में श्रीअन्न (मिलेट्स) से तैयार पौष्टिक व्यंजनों के स्टॉल आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहे।
गृह विज्ञान प्रभारी डॉ. नेहा कुमारी के निर्देशन में छात्राओं ने मिलेट्स से तैयार विभिन्न व्यंजनों के स्टॉल लगाए और उनमें मौजूद पोषक तत्वों एवं स्वास्थ्य लाभों की जानकारी दी। अतिथियों ने छात्राओं की रचनात्मकता और प्रयासों की सराहना की।
मुख्य अतिथि सांसद डॉ. संगीता बलवंत ने कहा कि इस तरह के आयोजन स्वास्थ्य एवं पोषण के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रभावी माध्यम हैं। जागरूक छात्राएं अपने परिवार और समाज में सकारात्मक बदलाव ला सकती हैं। उन्होंने संतुलित आहार के साथ योग, नियमित व्यायाम और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने पर जोर दिया।

कार्यक्रम के दौरान संतुलित आहार, श्रीअन्न का महत्व, शारीरिक सक्रियता, पर्याप्त नींद, स्वच्छता और मानसिक स्वास्थ्य जैसे विषयों पर चर्चा की गई। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष सरिता अग्रवाल, मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद, डीडीओ तथा जिला कार्यक्रम अधिकारी संजय सोनी समेत अन्य अतिथि मौजूद रहे। मंच संचालन डॉ. शशिकला जायसवाल ने किया। एनएसएस, रेंजर, एनसीसी और महाविद्यालय की खेल टीम ने भी सक्रिय भागीदारी की।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. शंभू शरण प्रसाद ने कहा कि पोषण संबंधी जागरूकता छात्राओं के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक है। हेल्दी रेसिपी प्रतियोगिता में डॉ. घनश्याम कुशवाहा, वीणा पांडे और सीडीपीओ सोनम सिंह ने निर्णायक की भूमिका निभाई।
प्रतियोगिता में सलोनी और रुचि कुमारी की टीम ने प्रथम, जेबा जहीन और खालिदा बानो ने द्वितीय तथा तनु यादव और शीतल खरवार ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। मांडवी गुप्ता और रिया जायसवाल को सांत्वना पुरस्कार दिया गया।
बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग के सहयोग से आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने मिलेट्स से आकर्षक रंगोली बनाई और विभिन्न रेसिपी का प्रदर्शन किया। इस दौरान गोदभराई और अन्नप्राशन कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। पूरे आयोजन के माध्यम से पोषण, स्वास्थ्य और फिटनेस को दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाने का संदेश दिया गया।













