Blog

गाजीपुर में भैंस चोरों और पुलिस के बीच मुठभेड़, गोली लगने से एक बदमाश घायल, चार गिरफ्तार…।

पिकअप और स्कॉर्पियो समेत चोरी की भैंस, तमंचा और 62 हजार रुपये नकद बरामद...।

 

गाजीपुर ।

गाजीपुर में पशु चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत दिलदारनगर और जमानियां पुलिस की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली है। गुरुवार की देर रात रकसहा स्थित कांशीराम आवास योजना के पास पुलिस और अंतरराज्यीय भैंस चोर गिरोह के सदस्यों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के दाहिने पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया, जबकि चार अन्य आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक अवैध तमंचा, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस, पिकअप और स्कॉर्पियो वाहन, चोरी की एक भैंस तथा 62 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार, 1 अक्टूबर की रात दिलदारनगर के थानाध्यक्ष संतोष कुमार राय अपनी टीम और जमानियां के प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र सिंह अपनी टीम के साथ रात्रि गश्त पर थे। इसी दौरान फुल्ली मोड़ के पास उन्हें मुखबिर से सूचना मिली कि रकसहा स्थित कांशीराम आवास योजना के पास कुछ संदिग्ध भैंस चोर मौजूद हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए दोनों थानों की पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्धों को पकड़ने का प्रयास किया।

इसी दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम को निशाना बनाकर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें रामकुमार नट के दाहिने पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भदौरा भेजा गया। वहीं, मौके से चार अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों में बिहार के कैमूर जिले के मोहनिया थाना क्षेत्र के बेलहरी गांव निवासी रामकुमार नट (25) और बिमेलश नट (35), वाराणसी के सारनाथ थाना क्षेत्र की पहाड़िया स्थित जेडी नगर कॉलोनी निवासी रिफान शेख (33), चंदौली के मुगलसराय सब्जी मंडी पड़ाव निवासी शबी हैदर उर्फ गुड्डू (36) तथा मुगलसराय के कांशीराम आवास निवासी मुहम्मद आरिफ (40) शामिल हैं। इनमें रामकुमार नट मुठभेड़ में घायल हुआ है।

पुलिस ने बरामदगी और मुठभेड़ के संबंध में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। संयुक्त पुलिस टीम की इस कार्रवाई को पशु चोरी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button