
गाजीपुर ।
जंगीपुर थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए गुमशुदा 19 वर्षीय युवक को महज दो घंटे के भीतर औड़िहार जंक्शन से सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से परिजनों ने राहत की सांस ली और पुलिस टीम के प्रति आभार जताया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक अक्टूबर 2026 को जंगीपुर थाना क्षेत्र के नरहपुर गांव निवासी ओमप्रकाश गुप्ता पुत्र द्वारिका प्रसाद गुप्ता ने पुलिस को लिखित तहरीर देकर बताया कि उनका 19 वर्षीय पुत्र आदर्श गुप्ता घर से लावा स्थित लेक्सिकॉन लाइब्रेरी में पढ़ाई करने के लिए निकला था, लेकिन काफी समय बीत जाने के बाद भी घर वापस नहीं लौटा।
युवक के लापता होने की सूचना को गंभीरता से लेते हुए जंगीपुर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। सर्विलांस सेल गाजीपुर की मदद से युवक के मोबाइल फोन की लोकेशन ट्रेस की गई। लोकेशन के आधार पर पुलिस ने टीम गठित कर सैदपुर थाना पुलिस और जीआरपी औड़िहार के सहयोग से औड़िहार जंक्शन पर तलाश शुरू की।
पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आदर्श गुप्ता को सकुशल बरामद कर लिया। आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद युवक को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। बेटे के सकुशल मिलने पर परिजनों ने राहत जताते हुए जंगीपुर पुलिस की तत्परता और प्रभावी कार्यशैली की सराहना की।














