सैदपुर पुलिस ने 252 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब के साथ अंतरराज्यीय तस्कर को किया गिरफ्तार…।
बिहार ले जाने के लिए कार में लादी जा रही थी शराब, दो तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार...।

गाजीपुर ।
जिले में अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सैदपुर पुलिस और स्वाट टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 252 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब के साथ एक अंतरराज्यीय शराब तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से एक कार और मोबाइल फोन भी बरामद किया है। कार्रवाई के दौरान दो अन्य आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
पुलिस के अनुसार, 1 और 2 अक्टूबर की मध्यरात्रि को सैदपुर के प्रभारी निरीक्षक अमित कुमार मिश्रा, वरिष्ठ उपनिरीक्षक प्रताप नारायण यादव और उपनिरीक्षक शिवमणि सेन पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि परमानंदपुर गांव स्थित काली माता मंदिर के पास कुछ लोग शराब के ठेके से शराब लाकर एक कार में लाद रहे हैं। शराब को तस्करी के लिए बिहार ले जाने की तैयारी थी।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने स्वाट टीम के साथ मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस को देखकर कार में शराब लाद रहे दो लोग अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले, जबकि एक युवक को मौके पर ही पकड़ लिया गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान बलिया जिले के गड़वार थाना क्षेत्र के पहाड़पुर गांव निवासी 19 वर्षीय रमन सिंह पुत्र संतोष सिंह के रूप में हुई।
पुलिस ने कार की तलाशी ली तो उसमें से 750 एमएल की 204 बोतल और 375 एमएल की 264 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद हुई। कुल 468 बोतलों में 252 लीटर शराब पाई गई। इसके अलावा एक सफेद रंग की कार और ओप्पो कंपनी का एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी बरामद किया गया।
इस मामले में सैदपुर थाने में मुकदमा अपराध संख्या 335/2026 के तहत आबकारी अधिनियम की धारा 60/72 में मुकदमा दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। फरार आरोपियों की तलाश भी की जा रही है।
कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक अमित कुमार मिश्रा, वरिष्ठ उपनिरीक्षक प्रताप नारायण यादव, उपनिरीक्षक शिवमणि सेन तथा एंटी कैटल टीम के प्रभारी उपनिरीक्षक शिवमणि त्रिपाठी अपनी टीम के साथ शामिल रहे।














